चंडीगढ़ , जुलाई 17 -- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हरियाणा दौरे पर अनोखे अंदाज में आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस बरस सावन में नोटों की बरसात हुई, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हरियाणा आये हैं और 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास सौगातें लाये हैं।
श्री विज ने अंबाला में वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री के जींद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि जींद-सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन भारत के रेलवे इतिहास में मील का पत्थर है और इससे हरियाणा का नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया है। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन और सौर ऊर्जा भविष्य के स्वच्छ एवं टिकाऊ ऊर्जा स्रोत हैं और हरियाणा सरकार भी सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए नयी योजनाओं पर काम कर रही है।
श्री विज ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र को समर्पित 1,184 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33.81 किलोमीटर लंबे अंबाला-कालाअंब राष्ट्रीय राजमार्ग से हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच संपर्क मजबूत होगा। इससे यात्रा का समय कम होगा, सड़क सुरक्षा बेहतर होगी तथा व्यापार, पर्यटन, उद्योग और माल परिवहन को नयी गति मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित