बेंगलुरु , जुलाई 26 -- उत्तर प्रदेश (यूपी) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) के तेज़ गेंदबाज़ यश दयाल इस घरेलू सीज़न में छत्तीसगढ़ की तरफ़ से खेलते हुए दिख सकते हैं। क्रिकइंफो को पता चला है कि उन्होंने उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) से इस संबंध में अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मांगा है, जो कि अभी प्रक्रिया के अधीन है। वहीं दयाल फ़िलहाल बेंगलुरू के अलूर में छत्तीसगढ़ टीम के साथ प्री-सीज़न कैंप में हिस्सा ले रहे हैं।
घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम तक आ चुके दयाल ने उच्च स्तर पर अपना आख़िरी प्रतिस्पर्धी मैच पिछले साल जून में खेला था, जो कि आईपीएल 2025 का फ़ाइनल था। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) ने उन्हें नीलामी से पहले रिटेन किया था, लेकिन आईपीएल 2026 की टीम में उन्हें जगह नहीं मिली थी। मो बोबाट की अगुवाई वाले कोचिंग स्टॉफ़ ने कहा था, "व्यक्तिगत कारणों के चलते दयाल और आरसीबी दोनों के लिए उन्हें चुनना हितकारी नहीं था।"दयाल ने जून में यूपी के ग़ाज़ियाबाद में हुए ग़ाज़ियाबाद प्रीमियर लीग में हिस्सा लेकर यूपी क्रिकेट में वापसी की कोशिश की थी। अगस्त में होने जा रहे यूपीटी 20 लीग के लिए गौर गोरखपुर लायंस टीम ने अपने रिटेन खिलाड़ियों की सूची में उन्हें शामिल भी किया था। लेकिन इस शुक्रवार हुई नीलामी के बाद जब टीम ने अपने सभी 18 खिलाड़ियों की सूची जारी की, तो दल में दयाल का नाम ग़ायब था। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने इस मामले में टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित