चंडीगढ़ , मई 17 -- हरियाणा के ऊर्जा परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर रविवार को तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आजकल बिना सोचे-समझे इस्तीफा मांगना आम बात हो गई है जबकि काम करके दिखाना ज्यादा महत्वपूर्ण है।
अंबाला में आज मीडिया से बातचीत करते हुए श्री विज ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान केंद्र सरकार के सबसे सक्षम और मेहनती मंत्रियों में से एक हैं। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक मामला सामने आते ही केंद्र सरकार ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी थी। जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं और दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को लेकर पूरी तरह गंभीर है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाने पर श्री विज ने कहा कि प्रधानमंत्री की विदेश यात्राएं देशहित में होती हैं। इससे भारत के अंतरराष्ट्रीय संबंध मजबूत होते हैं, व्यापार बढ़ता है और वैश्विक स्तर पर देश की स्थिति मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने कोरोना महामारी जैसी चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में भी देश सुरक्षित हाथों में है और भारत विश्व में और मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित