चंडीगढ़ , अगस्त 11 -- हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा है कि 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत 12 अगस्त को इसराना विधानसभा क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। वह स्वयं भी यात्रा में शामिल होंगे। यात्रा का उद्देश्य देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देना है।
श्री पंवार ने बताया कि तिरंगा यात्रा मदलौदा अनाज मंडी से शुरू होकर मदलौदा बस स्टैंड, असंध रोड से होते हुए भालसी गांव में समाप्त होगी। यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता, युवा, महिलाएं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तिरंगा लेकर शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के गौरव और सम्मान के साथ राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 'हर घर तिरंगा' अभियान से पूरे देश में देशभक्ति का माहौल बना है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मंत्री ने क्षेत्र के लोगों से तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्ति या संगठन की नहीं, बल्कि राष्ट्र की सामूहिक यात्रा है। तिरंगा सभी को एकता, अखंडता, भाईचारे और देश के प्रति कर्तव्य का संदेश देता है।
उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से यात्रा में भाग लेने और देश की एकता एवं गौरव का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित