पुणे , अगस्त 30 -- इंडिया जूनियर इंटरनेशनल ग्रां प्री 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में रविवार को इशिता नेगी और देव रूपरेलिया ने क्रमशः महिला और पुरुष एकल के खिताब जीते, जबकि पवन सुरेश और पुनीत सुरेश ने पुरुष युगल का खिताब अपने नाम किया। आज यहां खेले गये मुकाबले में दूसरी वरीयता प्राप्त 17 वर्षीय इशिता ने अपनी ही देश की खिलाड़ी गाथा सूर्यवंशी को 21-19, 21-18 से हराया, जबकि शीर्ष वरीयता प्राप्त देव ने एक अन्य ऑल-इंडियन फाइनल में 16वीं वरीयता प्राप्त निश्चल चंद को 21-16, 21-16 से मात दी।
पवन और पुनीत ने इंडोनेशिया के आर्यबका ओक्टा डिसाबियन और मुहम्मद जकारिया को 25-23, 21-19 से हराकर जूनियर बैडमिंटन मीट में भारत के खिताबों की संख्या में इजाफा किया।
इशिता ने खिताब जीतने के अपने पांच मैचों के सफर में एक भी गेम नहीं गंवाया।
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी ने राउंड ऑफ 32 में नक्षत्र जयराज के खिलाफ कड़े मुकाबले में 22-20, 21-19 से जीत के साथ शुरुआत की और फिर प्री-क्वार्टर फाइनल में इवाना त्यागी को 21-13, 21-15 से हराया।
इसके बाद उन्होंने क्वार्टर फाइनल में धीशिता सिंघा गोपीनाथ को 22-20, 21-14 से और सेमीफाइनल में ऋषिका नंदी को 21-14, 22-20 से हराकर बिना वरीयता वाली गाथा के खिलाफ खिताबी मुकाबला पक्का किया।
इशिता ने फाइनल में भी अपने सीधे गेम में जीत का सिलसिला जारी रखा; उन्होंने दो कड़े गेमों में संयम बनाए रखते हुए 36 मिनट में गाथा को हराया और महिला एकल का खिताब अपने नाम किया।
जूनियर बैडमिंटन रैंकिंग में पांचवें स्थान पर मौजूद देव को सेमीफाइनल में सातवीं वरीयता प्राप्त प्रणव मंजूनाथ ने तीन गेम तक कड़ी टक्कर दी; देव एक गेम हारने के बाद वापसी करते हुए 15-21, 21-17, 21-13 से जीते।
पवन और पुनीत ने भी पुरुष युगल ड्रॉ में शानदार प्रदर्शन किया और क्वार्टर फाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त योगंश सिंह और आतिश श्रीनिवास पीवी को हराया। भारत के खिलाड़ी बाकी दो युगल प्रतियोगिता के फ़ाइनल में भी पहुंचे थे।
मिश्रित युगल में, पुनीत सुरेश और दीपक राज अदिति को इंडोनेशिया के मुहम्मद ज़कारिया और अफिजाह रहमधानी से तीन गेम में हार का सामना करना पड़ा और वे रनर-अप रहे। बिना सीडिंग वाली भारतीय जोड़ी ने कड़े मुक़ाबले वाले पहले गेम में जीत हासिल की, लेकिन आख़िरकार 46 मिनट में 26-24, 17-21, 16-21 से हार गई।
महिला युगल में, चौथी सीड वाली दिया भीमैया और कीर्ति मंचला भी रनर-अप रहीं।
भारतीय जोड़ी को थाईलैंड की चंथारत मारंडाकुल और पियरप्लॉय सुत्तिवारयानोंन से 34 मिनट में 21-15, 21-11 से हार मिली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित