श्रीगंगानगर , अप्रैल 06 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ शहर में साेमवार को करंट लगने से एक महिला और उसकी पुत्री की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे सरोज (34) ने घर में पानी गर्म करने के लिए बाल्टी में इलेक्ट्रिक रॉड लगा रखी थीं। पास ही उनकी तीन वर्षीय बेटी दिव्यांशी खेल रही थी। खेलते-खेलते बच्ची ने अचानक बाल्टी में हाथ डाल दिया, जिससे उसे तुरंत करंट लग गया। बच्ची की चीख सुनकर मां सरोज दौड़कर आईं और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान सरोज खुद भी करंट की चपेट में आ गईं।
पुलिस ने बताया कि सरोज के चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी भागकर आए। तब तक दोनों बेहोश हो चुकी थीं। पड़ोसियों ने इलेक्ट्रिक रॉड को हटाया और मां-बेटी को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने महिला के पति विजय कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिये गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित