नयी दिल्ली , अप्रैल 07 -- वित्त वर्ष 2025-26 में देश में इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की बिक्री 83.63 प्रतिशत उछलकर 1,99,923 इकाई पर पहुंच गयी।

वाहन डीलरों के संगठन फाडा द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष के दौरान इलेक्ट्रिक वाहनों में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स एक बार फिर सबसे आगे रही। उसकी बिक्री 36 प्रतिशत बढ़कर 78,811 इकाई पर पहुंच गयी।

सबसे लंबी छलांग महिंद्रा ने लगायी जिसकी बिक्री 407 प्रतिशत बढ़कर 42,721 इकाई हो गयी। जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया की बिक्री 74 फीसदी की वृद्धि के साथ 53,089 इकाई रही।

खास बात यह रही कि यात्री वाहनों में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी एक साल पहले के 2.6 प्रतिशत से बढ़कर 4.2 प्रतिशत पर पहुंच गयी।

फाडा के अध्यक्ष सी.एस. विग्नेश्वर ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 देश की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की यात्रा में उल्लेखनीय साल रहा। दुपहिया, तिपहिया, यात्री वाहन और वाणिज्यिक वाहन मिलाकर तकरीबन 24.52 लाख इलेक्ट्रिक वाहन बिके जो एक साल पहले के मुकाबले 24.6 प्रतिशत अधिक है। हर खंड में दहाई दर से वृद्धि हुई है।

इलेक्ट्रिक दुपहिया की बिक्री 22 प्रतिशत बढ़कर 14,01,818 इकाई पर पहुंच गयी। टीवीएस मोटर ने 3,41,513 इकाई के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। उसकी बिक्री 44 प्रतिशत बढ़ी। पिछले वित्त वर्ष में पहले स्थान पर रही ओला इलेक्ट्रिक की बिक्री 52 प्रतिशत घटकर 1,64,295 इकाई रह गयी।

बजाज ऑटो 2,89,349 इकाई और एथर एनर्जी 2,39,178 इकाई के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। इनकी बिक्री क्रमशः 25 प्रतिशत और 82 प्रतिशत बढ़ी है। हीरो मोटोकॉर्प की बिक्री में 196 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी और यह 1,44,330 इकाई पर पहुंच गयी।

तिपहिया में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी 57.2 इकाई से बढ़कर 60.9 इकाई हो गयी। इनकी बिक्री 18.87 फीसदी की वृद्धि के साथ 8,30,819 इकाई दर्ज की गयी। इसमें महिंद्रा समूह एक लाख का आंकड़ा छूने वाली पहली कंपनी बन गया है। उसकी बिक्री 46.41 प्रतिशत बढ़कर 1,01,873 इकाई रही।

बजाज ऑटो की बिक्री भी 76.21 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 89,604 इकाई दर्ज की गयी। वाईसी इलेक्ट्रिक व्हीकल 36,807 इकाई के साथ तीसरे स्थान पर रहा। उसकी बिक्री 18 प्रतिशत घटी है। वहीं, टीवीएस मोटर कंपनी की बिक्री 15 गुना से अधिक बढ़कर 27,831 पर पहुंच गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित