प्रयागराज , अगस्त 25 -- उत्तर प्रदेश की इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन का चुनाव 17 सितंबर को होगा। मतदान सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक हाईकोर्ट के क्रिकेट ग्राउंड में कराया जाएगा। इस बार 28 के बजाय 30 पदों के लिए मतदान होगा। चुनाव में अध्यक्ष और वरिष्ठ उपाध्यक्ष के एक-एक पद के लिए मतदान होगा। पुरुष उपाध्यक्ष के चार और महिला उपाध्यक्ष के दो पदों पर चुनाव कराया जाएगा। महासचिव के एक तथा कोषाध्यक्ष के दो पदों, जिनमें एक महिला और एक पुरुष पद शामिल है, के लिए मतदान होगा। संयुक्त सचिव के तीन और संयुक्त सचिव महिला के एक पद के लिए भी चुनाव होगा।
गवर्निंग काउंसिल के कुल 15 पदों पर चुनाव होगा। इनमें 10 पुरुष और पांच महिला सदस्य चुने जाएंगे। बार एसोसिएशन में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण के आधार पर चुनाव में भागीदारी दी गई है।
वरिष्ठ अधिवक्ता एसएफए नकवी को मुख्य निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। उनके नेतृत्व में अधिवक्ता वशिष्ठ तिवारी, जेबी सिंह, राजकुमार शुक्ला, लक्ष्मीकांत मिश्रा और अनुभव शुक्ला समेत छह सदस्यीय टीम चुनाव संपन्न कराएगी।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 18 अगस्त को अस्थायी मतदाता सूची प्रकाशित की जा चुकी है और 19 से 21 अगस्त तक आपत्तियां मांगी गई थीं। 25 अगस्त को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। 26 से 28 अगस्त तक सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक नामांकन पत्र मिलेंगे। 29 अगस्त से एक सितंबर तक सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जा सकेंगे।
दो सितंबर को प्रत्याशी नाम वापस ले सकेंगे। तीन और चार सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। पांच सितंबर को प्रत्याशियों की अस्थायी सूची प्रकाशित कर आपत्तियां मांगी जाएंगी, जबकि छह सितंबर को प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। इसके बाद 17 सितंबर को मतदान कराया जाएगा।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में कुल 11,485 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 134 वरिष्ठ अधिवक्ता, 742 महिला अधिवक्ता और 10,609 पुरुष अधिवक्ता शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित