प्रयागराज , अक्टूबर 22 -- इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई है। इसी कड़ी में आज प्रयागराज से मतदान कर्मियों और पोलिंग पार्टियों की रवानगी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। शुक्रवार यानी 23 अक्तूबर को होने वाले मतदान को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और प्रशासनिक स्तर पर व्यापक बंदोबस्त किए गए है। मतदान शुक्रवार सुबह आठ बजे से शुरू होकर शाम चार बजे तक चलेगा। इस चुनाव में प्रयागराज जिले के कुल 2,64,233 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1,84,166 है जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 80,067 दर्ज की गई है। डीएम मनीष वर्मा ने बताया कि कुल 152 बूथों के लिए पोलिंग पार्टियों का गठन कर उनका चिन्हांकन कर दिया गया है। पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हो चुकी है जो अगले दो घंटों में अपने-अपने गंतव्य स्थलों पर पहुंच जाएंगी। मतदान के सुचारू संचालन के लिए पूरे जनपद को 50 सेक्टरों में विभाजित किया गया है जहां 50 सेक्टर अधिकारी और उनके साथ काउंटर पुलिस अधिकारी तैनात किए गए है।

इसके अलावा जोनल अधिकारी भी अपने जोनल पुलिस अधिकारियों के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे। मतदान प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने के लिए हर बूथ पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई है। डीएम के मुताबिक संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील बूथों और क्षेत्रों को विशेष रूप से चिह्नित किया गया है जहां अतिरिक्त पुलिस बल के साथ प्रत्येक बूथ पर माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात रहेंगे और हर गतिविधि की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। जिन स्कूलों में बूथ बनाए गए है वहां पठन-पाठन कार्य बंद रहेगा। इसके साथ ही मतदाताओं और चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मियों के लिए मतदान के दिन अवकाश निर्धारित किया गया है जबकि अन्य लोगों के लिए अवकाश लागू नहीं होगा।

मतदाता सूची में नाम या लिपिकीय त्रुटियों को लेकर उठ रहे सवालों पर डीएम ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार छोटी-मोटी त्रुटियों को नजरअंदाज किया जाएगा ताकि कोई भी वैध मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। पीठासीन अधिकारी अन्य वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों के आधार पर मतदाताओं की पहचान सत्यापित कर उन्हें मतदान की अनुमति देंगे। इसके अलावा कुछ कर्मचारियों पर लगे आरोपों और विसंगतियों के संबंध में मिले ज्ञापनों की जांच कराई जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित