जालौन , सितंबर 29 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में मंगलवार को इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में विधान परिषद सदस्य की रिक्त सीट के लिए निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है।

रिटर्निंग ऑफिसर एवं झांसी मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने मंगलवार को बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के तहत निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस निर्वाचन क्षेत्र में प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, महोबा, जालौन, झांसी और ललितपुर जिले शामिल हैं।

मंडलायुक्त के अनुसार स्नातक निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन छह जनवरी 2026 को किया जा चुका है। निर्वाचन की औपचारिक सूचना 29 सितंबर को प्रकाशित की गई। नामांकन पत्र छह अक्टूबर तक निर्धारित कार्य दिवसों में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक न्यायालय कक्ष, आयुक्त झांसी मंडल, कमिश्नरी परिसर झांसी में रिटर्निंग ऑफिसर या सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को सुबह 11 बजे होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि नौ अक्टूबर निर्धारित की गई है।

निर्वाचन की स्थिति में 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक संबंधित जिलों के मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्टूबर को नियमानुसार संपन्न होगी।

मंडलायुक्त ने बताया कि परिषद निर्वाचन के संबंध में आदर्श आचार संहिता के प्रासंगिक प्रावधान 22 सितंबर से प्रभावी हो गए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर संबंधित जिलों में प्रशासनिक तैयारियां की जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित