ग्वालियर , अक्टूबर 23 -- मध्यप्रदेश मे ग्वालियर शहर के हजीरा थाना क्षेत्र के गदाईपुरा स्थित मरघट रोड बाजार में इलाके में घूमने को लेकर दो किन्नरों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर एक किन्नर ने दूसरी को कथित तौर पर जमीन पर पटककर लात-घूंसों से मारपीट की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, माधवी नगर यादव धर्मकांटा, गदाईपुरा निवासी 20 वर्षीय क्रिस उर्फ रुचि शिवहरे ने शिकायत दर्ज कराई है कि 21 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे वह मरघट रोड बाजार में मौजूद थी। इसी दौरान वहां डोली उर्फ दूधवाली किन्नर मिली और उससे वहां घूमने का कारण पूछा। क्रिस ने बताया कि वह उसी इलाके में रहती है।
इसी बात पर डोली ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से मारपीट की। मौके पर मौजूद काम्या और सोनी किन्नर ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया। इसके बाद क्रिस अपनी गुरु के साथ हजीरा थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित