बगदाद/दमिश्क , अप्रैल 07 -- इराक और सीरिया में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरान समर्थित समूहों ने ड्रोन हमले किए गए हैं।
'इस्लामिक रेजिस्टेंस इन इराक' के बैनर तले सक्रिय इन समूहों द्वारा किए गए हमलों को पश्चिम एशिया में ईरान के खिलाफ जारी अमेरिका-इजरायल अभियानों और अन्य क्षेत्रीय संघर्षों के प्रतिशोध के रूप में देखा जा रहा है।
इराकी मीडिया के अनुसार, इराक के अर्ध-स्वायत्त कुर्दिस्तान क्षेत्र में स्थित 'हरीर एयरबेस' पर मंगलवार तड़के एक मानव रहित विमान (ड्रोन) से हमला किया गया।
अधिकारियों ने अभी तक हताहतों की संख्या या क्षति के विस्तार के बारे में विवरण जारी नहीं किया है। किसी भी समूह ने आधिकारिक तौर पर इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
हालाँकि, 'इस्लामिक रेजिस्टेंस इन इराक' ने घोषणा की है कि उसने पिछले 24 घंटों के दौरान इराक और पूरे क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर आत्मघाती ड्रोनों से कम से कम 11 हमले किए हैं।
एक संबंधित घटना में, इराक-सीरिया सीमा के पास पूर्व अर्धसैनिक गठबंधन 'हशद अल-शाबी' (जिसे पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज के रूप में भी जाना जाता है) का एक लड़ाका मारा गया। स्थानीय मीडिया के अनुसार, गठबंधन ने इस हमले के लिए अमेरिकी और इजरायली सेना को जिम्मेदार ठहराया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित