बगदाद , जनवरी 12 -- इराक के विदेश मंत्री फुआद हुसैन और कतर के प्रधानमंत्री तथा विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल सानी ने सीरिया के अलेन्नपो में शांति कायम करने की मांग की है।

श्री हुसैन और श्री अल सानी ने रविवार को फोन पर बातचीत के दौरान क्षेत्रीय सुरक्षा के साथ ही सीरिया के अलेप्पो में हालिया तनाव को कम करने तथा शांति कायम करने का आह्वान किया।

इराकी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि श्री हुसैन ने संयम बरतने तथा हिंसा को तुरंत खत्म करने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया और "क्षेत्र की सुरक्षा एवं स्थिरता के लिए गंभीर नतीजों" का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि तनाव कम करने के लिए बातचीत और शांतिपूर्ण तरीकों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।

बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने ईरान और यमन में हाल के घटनाक्रमों पर भी चर्चा की व्यापक क्षेत्रीय सुरक्षा पर सीधे प्रभाव पर ज़ोर दिया। दोनों पक्षों ने संयुक्त समन्वय को तेज़ करने, सुरक्षा घटनाक्रमों पर नज़र रखने, हिंसा के दायरे को सीमित करने और क्षेत्रीय स्थिरता को मज़बूत करने पर सहमति जतायी।

उल्लेखनीय है कि अलेप्पो में सरकारी बलों और कुर्द नेतृत्व वाले सीरियाई लोकतांत्रक बलों के बीच कई दिनों तक ज़बरदस्त झड़पें और गोलाबारी हुई। इससे प्रभावित इलाकों से बड़ी संख्या में नागरिकों को विस्थापित होना पड़ा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित