चंडीगढ़ , मई 20 -- शिरोमणि अकाली दल पुनर सुरजीत के महासचिव गुरप्रताप सिंह वडाला ने बुधवार को मनप्रीत सिंह इयाली के इस्तीफे पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि श्री इयाली ने पार्टी पदों से इस्तीफा देकर श्री अकाल तख्त साहिब को पीठ दिखाई है।

श्री वडाला ने कहा कि यह मंच श्री अकाल तख्त साहिब से निर्मित किया गया था और मनप्रीत सिंह इयाली सहित पांच सदस्यों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती अभियान और विभिन्न सार्वजनिक बैठकों के दौरान भी इयाली अलग रुख अपनाते रहे, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने हमेशा पंथ और संगठन के बड़े हितों को देखते हुए इसे सहन किया। उन्होंने कहा कि इयाली द्वारा वरिष्ठ नेतृत्व पर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं।

उन्होंने कहा कि पार्टी की सदस्यता अभियान और डेलीगेट चुनावों का आयोजन उन्हीं वरिष्ठ नेताओं की देखरेख में हुआ था, जिन पर अब आरोप लगाए जा रहे हैं। इन्हीं प्रक्रियाओं के जरिए संबंधित नेता डेलीगेट चुने गए और बाद में पार्टी पदाधिकारी बने। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं पर आरोप लगाकर श्री इयाली ने स्वयं को सुखबीर बादल की कतार में खड़ा कर लिया है। उन्होंने कहा कि अकाल तख्त द्वारा सभी नेताओं को निर्धारित सजा देकर दोषमुक्त किया जा चुका था और गुरु की परंपरा के अनुसार जो व्यक्ति विनम्रता से माफी मांगता है, उसे बख्श दिया जाता है। उन्होंने कहा कि इयाली की यह कार्रवाई श्री अकाल तख्त साहिब की मर्यादा और सिद्धांतों के खिलाफ है तथा सच्चा सिख समाज इसे कभी स्वीकार नहीं करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित