जालौन , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में शनिवार को आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर कृषि के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से इफ्को द्वारा देशव्यापी नैनो उर्वरक जागरूकता अभियान शुरू किया गया। इफ्को के क्षेत्रीय जिला प्रबंधक शुभम मिश्रा ने बताया कि 10 अप्रैल को इफ्को के अध्यक्ष दिलीप संघाणी ने इस अभियान का शुभारंभ किया। इसके तहत देश के 19 राज्यों, 560 जिलों और 3477 तहसीलों में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि नैनो एनपी लिक्विड और एनपी ग्रेन्यूलर को भारत के उर्वरक नियंत्रण आदेश (एफसीओ) में औपचारिक रूप से शामिल किया जा चुका है। अभियान का उद्देश्य किसानों को नैनो उर्वरकों के उपयोग के प्रति जागरूक करना है।

उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह की प्रेरणा से शुरू की गई है, जो आत्मनिर्भर भारत और सहकार से समृद्धि जैसे राष्ट्रीय अभियानों के अनुरूप है।

श्री मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में परंपरा और तकनीक का संगम कृषि क्षेत्र को नई दिशा दे रहा है। नैनो यूरिया, नैनो डीएपी और नैनो कॉपर जैसे उत्पादों के उपयोग से किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में इफको का कर पूर्व लाभ 4200 करोड़ रुपये से अधिक रहने का अनुमान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित