दंतेवाड़ा , मार्च 30 -- छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा के शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 'इनोवेशन महाकुंभ 1.0' का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और नवाचार, उद्यमिता तथा स्टार्टअप से जुड़े विभिन्न विचारों का प्रदर्शन किया।
जिला पीआरओ ने सोमवार को बताया कि आयोजन का मुख्य फोकस छात्रों को व्यावहारिक मंच उपलब्ध कराना रहा, जहां वे अपने नवाचार प्रस्तुत कर सकें और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा गया। उन्होंने अपने आइडिया साझा किए तथा नवाचार आधारित गतिविधियों में सक्रिय भाग लिया।
आयोजन के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करने के साथ ही रोजगार सृजन के नए अवसरों की समझ विकसित करने पर जोर दिया गया। महाविद्यालय स्तर पर इस प्रकार का आयोजन विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक दृष्टिकोण प्रदान करने में सहायक सिद्ध हुआ।
इस अवसर पर शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर के कुलपति प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ शंकर त्रिपाठी, डॉ. विनोद सोनी तथा डॉ. सुरेंद्र द्विवेदी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के.एम. प्रसाद सहित अन्य प्राध्यापक एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित