धार , जुलाई 22 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में गंधवानी थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो हजार रुपये के इनामी शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के ठिकाने से पूर्व में 82 पेटी अवैध शराब जब्त की गई थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले में लंबित मामलों और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन और मनावर एसडीओपी ब्रजेश कुमार मालवीय के मार्गदर्शन में गंधवानी थाना पुलिस ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम वलनेरा निवासी लोकेश (23) पिता देवसिंह मंडलोई को खड़की फाटा क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना ने बताया कि 29 सितंबर 2025 को पुलिस ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर 82 पेटी अवैध शराब जब्त की थी। इस संबंध में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 276/25 दर्ज किया गया था। प्रकरण दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा।

उन्होंने बताया कि मामले के सह-आरोपी दितु मंडलोई को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर उसके विरुद्ध दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित