भिवानी , अक्टूबर 12 -- हरियाणा के भिवानी में इनसो जिला प्रधान जयदीप ग्रेवाल ने चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू) की कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर वित्तीय अनियमितताओं, परीक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर कई मांगें उठाईं।
उन्होंने विश्वविद्यालय में विभिन्न एजेंसियों को लगभग 182 करोड़ रुपये के अग्रिम भुगतान की निष्पक्ष जांच कराने, भुगतान का उद्देश्य और खर्च का विवरण सार्वजनिक करने तथा अनियमितताएं मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
श्री ग्रेवाल ने परीक्षा नियंत्रक से जुड़े मामले में जवाबदेही तय करने और जांच की स्थिति स्पष्ट करने की मांग भी की। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के आरोपों के बावजूद संबंधित व्यक्ति को परीक्षा प्रमुख बनाया गया है।
इनसो ने री-अपीयर और रीवैल्यूएशन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। ग्रेवाल ने कहा कि कई विद्यार्थियों के अंक पुनर्मूल्यांकन के बाद बदल जाते हैं और वे उत्तीर्ण घोषित हो जाते हैं। ऐसे मामलों की जांच कर मूल्यांकन में त्रुटियों की जिम्मेदारी तय की जाए तथा पात्र विद्यार्थियों को नियमानुसार फीस वापस की जाए।
इसके अलावा, अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र विद्यार्थियों की लंबित पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति जल्द जारी करने की मांग की गई। इनसो ने विश्वविद्यालय की वित्तीय स्थिति स्पष्ट करने के लिए श्वेत पत्र जारी करने और परीक्षा परिणामों में त्रुटियां रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने की भी मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित