श्रीगंगानगर , मई 20 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के सदर थाना क्षेत्र में एक मकान में बुधवार को सुबह इन्वर्टर की बैटरी में विस्फोट होने के बाद आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हनुमानगढ़ मार्ग पर स्थित आनंद विहार कॉलोनी में प्रदीप सिंगला के मकान में इन्वर्टर बैटरी सिस्टम लगा हुआ था। उसमें सुबह करीब साढ़े छह बजे शॉर्टसर्किट से आग लग गयी, इससे बैटरी में विस्फोट हुआ और मकान के निचले तले में आग लग गयी।
इस पर तुरंत दमकल को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने आसपास के लोगों की मदद से करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। दमकल कर्मियों के मुताबिक प्रथम तल पर बने कमरे में कपड़ों अन्य सामान से भरी एक अलमारी, डबल बेड, चारपाई, कूलर सहित रखा अन्य सारा सामान आग में जलकर खाक हो गया। कमरे की छत में फॉल सीलिंग और उसमें लगी कंसील लाइटें भी पिघल गयीं। इस आग से लाखों रुपये का नुकसान हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित