हैदराबाद , अगस्त 30 -- ओलंपियन थोनाकल गोपी रविवार को हैदराबाद मैराथन 2026 में पुरुषों की एलीट रेस में चौथे स्थान पर रहे और टॉप भारतीय एथलीट बनकर उभरे। वहीं इथियोपिया के सेबोका नेगुसे ने पुरुषों की एलीट रेस 2:20:57 के समय के साथ जीती। केन्या के फेलिक्स किमुताई उसी समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि उनके साथी फ्रांसिस चेरुइयोट 2:21:29 के समय के साथ तीसरे स्थान हासिल किया।
38 वर्षीय गोपी टी ने 2:21:46 का समय लिया। मान सिंह 2:23:56 के समय के साथ कुल मिलाकर पांचवें और भारतीयों में दूसरे स्थान पर रहे, जबकि प्रदीप सिंह 2:26:12 के समय के साथ छठे स्थान पर रहे।
आज यहां हैदराबाद मैराथन का 15वां संस्करण आयोजित किया गया, जिसे 'वर्ल्ड एथलेटिक्स लेबल रोड रेस' का दर्जा प्राप्त है। मैराथन धावक गोपी ने दिसंबर में वेलेंसिया मैराथन में 2:12:23 का अपना पर्सनल बेस्ट समय बनाया था। इसके बाद फरवरी में नई दिल्ली मैराथन में उन्होंने 2:13:12 का समय लिया और कार्तिक कारकेरा के बाद दूसरे स्थान पर रहे।
थोनाकल गोपी ने मुंबई मैराथन में भी दो बार भारतीय एलीट पुरुष वर्ग में शीर्ष स्थान हासिल किया है; उन्होंने 2018 और फिर 2023 में जीत हासिल की थी।
महिलाओं की एलीट रेस में, इथियोपिया की एमाने सेफू, जो 50 किमी रोड वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर हैं, ने 2:46:29 के समय के साथ जीत हासिल की। सेफू की साथी त्सेगा डेस्टा 2:46:57 के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि केन्या की टेरेसिया ओमोसा तीसरे स्थान पर रहीं और उन्होंने 2:47:17 में फिनिश लाइन पार की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित