जोधपुर , जुलाई 12 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तंज कसते हुए कहा है कि इतने सारे विकास कार्यों को देखने के बाद उनके मन में जो राजनीति का भ्रम और आवरण है, वह टूट जाएगा।

श्री शेखावत ने रविवार को जोधपुर एयरपोर्ट के नये टर्मिनल के शरु होने के अवसर पर मीडिया से बातचीत में कहा कि अभी कुछ दिन पहले राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री यहां खड़े होकर चर्चा कर रहे थे। वे प्रश्न कर रहे थे कि 12 वर्षों में सांसद ने क्या काम किया। उन्हें दिखाई नहीं दे रहा। जिन्हें हालांकि अपनी ही पार्टी के लोग काम नहीं करने वाले, नाकारा और निकम्मे लगते हैं, उस पर मुझे टिप्पणी करने की आवश्यकता नहीं थी लेकिन आज सुबह इस कार्यक्रम में आते समय मेरे मन में विचार आया कि अब पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत के सामने कितनी बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। अब जब वे हवाई जहाज से आएंगे तो एयरपोर्ट उन्हें दिखाई देगा। सांसद ने कितना काम किया, यह उन्हें नजर आ जाएगा। उनके लिए यह बड़ी चुनौती होगी। जब वे रेल से आएंगे तो नया रेलवे स्टेशन दिखाई देगा। वह भी उनके लिए एक नया अनुभव होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित