इटावा , जुलाई 9 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के इकदिल इलाके में कक्षा 11 की छात्रा ने पढ़ाई के बोझ के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया और खुद ही जहर की शीशी को लेकर जिला अस्पताल पहुंच गई।
अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि नावली गांव निवासी कक्षा 11 की छात्रा नाव्या ने पढ़ाई के बोझ के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया । जब छात्रा की हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों को बिना बताये वह अपनी सहेली के साथ जिला मुख्यालय के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर राजकीय साहित्य चिकित्सालय जा पहुंची।
डॉक्टर ने पीड़ित छात्रा की वेदना को सुनने के बाद उसको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कर लिया। जहर खाने वाली स्कूली छात्रा की सहेली प्रियंका ने बताया कि नाव्या पढ़ाई के बोझ के चलते काफी दिनों से परेशान चल रही थी और जिसके चलते उसने जहर का सेवन कर लिया।
डॉ भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉ. श्याम मोहन ने बताया कि जहर खाने के बाद एक स्कूली छात्रा अस्पताल में आई है जिसे उपचार के लिए भर्ती किया गया है। डॉक्टरों की टीम उसका उपचार करने में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित