इटावा , अगस्त 17 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के भरथना थाना क्षेत्र के चंदेठी गांव में एक विवाहिता और उसकी मां की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गयी। दोनो के रक्तरंजित शव सोमवार सुबह उनके घर पर मिले।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दोहरे हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस की छह टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। टीमें संभावित आरोपियों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार चंदेठी गांव निवासी पुष्पा देवी (55) अपनी विवाहिता बेटी निर्मला उर्फ मंजू (38) के साथ घर में रहती थीं। सोमवार सुबह दोनों के शव घर के अंदर खून से लथपथ अवस्था में मिले। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से एक धारदार दरांती (हंसिया) बरामद की, जिसे हत्या में प्रयुक्त किए जाने की आशंका है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या की वारदात दो दिन पहले की गई हो सकती है। पुलिस के अनुसार मृतका निर्मला का अपने ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा था और वह पिछले कई महीनों से मायके में रह रही थी। बताया गया कि उसका वैवाहिक विवाद न्यायालय में विचाराधीन था तथा भरण-पोषण को लेकर भी न्यायिक आदेश जारी हुआ था। हालांकि पुलिस ने अभी किसी एक कारण को हत्या की वजह मानने से इंकार किया है।

घटना का खुलासा तब हुआ जब दूध विक्रेता राजीव कुमार लगातार दो दिनों तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अंदर जाकर देखा तो मां-बेटी के शव पड़े मिले।

एसएसपी ने बताया कि मृतका के पिता और एक भाई नोएडा में नौकरी करते हैं, जबकि दूसरा भाई पुणे में कार्यरत है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया कुछ लोगों पर संदेह व्यक्त किया गया है, लेकिन ठोस साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दावा किया है कि मामले का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित