इटावा , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के जसवंतनगर क्षेत्र में फौजी ढाबे पर हुई लूट के मामले में पुलिस ने पंजाब के चार दबंगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए 16 हजार रुपये, एक कुल्हाड़ी, .315 बोर के सात जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार बरामद की गई है, जबकि लूटी गई लाइसेंसी राइफल की तलाश जारी है। पुलिस प्रवक्ता रामगोपाल शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि यह घटना 10 मार्च की रात उस समय हुई जब स्कॉर्पियो कार से आए चार लोगों का ढाबे पर खाना पैक कराने को लेकर विवाद हो गया। आरोपियों ने तलवार, फरसा और लोहे की रॉड से हमला कर ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और गल्ले से करीब 16 हजार रुपये लूट लिए। इस दौरान उन्होंने ढाबा संचालक राजीव कुमार की लाइसेंसी .315 बोर राइफल और कारतूस भी छीन लिए और फायर करते हुए फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। सूचना मिलने पर कमल भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जोनई के पास घेराबंदी कर स्कॉर्पियो सवार चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरप्रीत सिंह, प्रीत सिंह, जगदीप सिंह और हरजिंदर सिंह निवासी लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित