इटावा , सितंबर 15 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में जसवंतनगर पुलिस ने लूट की वारदात को अंजाम देने जा रहे अंतरजनपदीय गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार अवैध तमंचे, 10 जिंदा कारतूस, दो चाकू, आठ मोबाइल फोन और एक वैगन-आर कार बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दीपक गौतम, मोहित तिवारी, अनुज शंखवार, शिवम यादव, पंकज गौतम और धीरेन्द्र के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि जसवंतनगर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक वैगन-आर कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को रोककर तलाशी ली तो उसमें से चार अवैध तमंचे, 10 जिंदा कारतूस, दो चाकू और आठ मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस ने कार सवार छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे कानपुर नगर, फिरोजाबाद, कन्नौज, हमीरपुर और फतेहपुर समेत विभिन्न जिलों में घूम-घूमकर लूट की घटनाओं को अंजाम देते हैं। बरामद मोबाइल फोन के संबंध में उन्होंने बताया कि ये मोबाइल उन्होंने एक दिन पहले जसवंतनगर थाना क्षेत्र में एक ट्रक चालक से लूटे थे। एसएसपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ तीन से सात तक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

अंतरजनपदीय लुटेरे गैंग की गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष जसवंतनगर कमल भाटी के नेतृत्व में यशवीर सिंह तोमर, ललित किशोर चतुर्वेदी, शुभम वर्मा, कोमल चौधरी, दीपेन्द्र सिंह, विकास यादव, विमल कुमार, संजय कुमार और आयुष सचान की पुलिस टीम शामिल रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित