इटावा , मार्च 29 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में यमुना नदी पर करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से एक नए पुल का निर्माण किया जाएगा। राज्य सरकार ने इस परियोजना को मंजूरी दे दी है और इसके लिए बजट भी जारी कर दिया गया है। पुल का निर्माण पीडब्ल्यूडी ब्रिज कॉरपोरेशन द्वारा कराया जाएगा। भाजपा विधायक सरिता भदौरिया ने रविवार को अपने आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि यह पुल कचौरा और पारपट्टी क्षेत्र को जोड़ने के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा। पुल का निर्माण रुरा और असवा गांव के बीच, ऐतिहासिक पिलुआ महावीर (हनुमान) मंदिर के निकट किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए 79 करोड़ 8 लाख 85 हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी जा चुकी है और निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। करीब दो वर्षों में पुल के तैयार होने की उम्मीद है। पुल बनने से क्षेत्र के 50 से अधिक गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान में उदी होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ता है, जो इस पुल के निर्माण के बाद कम हो जाएगा। साथ ही पिलुआ महावीर मंदिर आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

विधायक ने बताया कि इटावा में अन्य विकास कार्यों को भी स्वीकृति मिली है। पोस्टमार्टम हाउस के पास एक कंपोजिट विद्यालय (कक्षा 1 से 12 तक) का निर्माण करीब 32 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। इसके अलावा नुमाइश ग्राउंड पर 500 सीटों वाला ऑडिटोरियम भी बनाया जाएगा, जिसकी लागत लगभग 8 करोड़ रुपये होगी।

उन्होंने कहा कि इटावा नगर पालिका को नगर निगम बनाए जाने और इकदिल को ब्लॉक का दर्जा दिलाने के प्रयास भी जारी हैं। सरकार द्वारा नगर पालिकाओं को नगर निगम बनाने की प्रक्रिया के दूसरे चरण में इटावा को शामिल किए जाने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित