इटावा , मई 11 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में राशन कार्ड से नाम कटने की शिकायत करने पर धमकियों से परेशान एक मजदूर ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय परिसर के बाहर कीटनाशक पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ग्राम किल्ली सुल्तानपुर निवासी रविंद्र कुमार सोमवार दोपहर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि ग्राम प्रधान पुत्र केशव ने रंजिश के चलते उनका राशन कार्ड कटवा दिया। जब उन्होंने इसकी शिकायत अधिकारियों से की, तो शिकायत वापस लेने के लिए लगातार दबाव बनाया गया और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी गई।

पीड़ित का आरोप है कि बीते 13 अप्रैल को आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की थी तथा शिकायत वापस न लेने पर गांव से निकालने और जान से मारने की धमकी दी थी। इस संबंध में उसने थाना बसरेहर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

मानसिक तनाव और आर्थिक तंगी से परेशान रविंद्र सोमवार को जिलाधिकारी से गुहार लगाने पहुंचे थे। आरोप है कि डीएम से मिलने के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर कीटनाशक पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए उनके हाथ से कीटनाशक की बोतल छीन ली।

पुलिसकर्मियों ने युवक को तत्काल उपचार के लिए भेजा तथा बाद में सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना देकर उसे उनके सुपुर्द कर दिया।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि विपक्षियों के भय के कारण वह मजदूरी करने के लिए घर से बाहर नहीं निकल पा रहा है, जिससे उसके परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उसने प्रशासन से ग्राम प्रधान के पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

सीओ सिटी ने बताया कि पीड़ित से पूरे मामले की जानकारी लेकर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित