इटावा , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के जसवंतनगर क्षेत्र के निलोई गांव में बुजुर्ग किसान की जिंदा जलाकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने उसके इकलौते बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने गुरुवार को बताया कि 26 जनवरी को 78 वर्षीय किसान मुन्नालाल का शव उनके खेत पर बनी ट्यूबवेल की कोठरी में जली अवस्था में मिला था। शव का निचला हिस्सा बुरी तरह जल चुका था, जबकि ऊपरी हिस्सा अपेक्षाकृत सुरक्षित था। मौके से खून के निशान और खून से सना टूटा डंडा भी बरामद हुआ था, जिससे हत्या की आशंका प्रबल हुई।

प्रारंभिक सूचना मृतक के बेटे गजराज सिंह ने दी थी। उसने थाना जसवंतनगर में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या की तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के दौरान पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए तथा गांव के लोगों और परिजनों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि गजराज बेरोजगार था और शराब का आदी बताया गया है। उस पर कर्ज भी था और वह पिता की करीब 45 बीघा कृषि भूमि बेचने का दबाव बना रहा था, जबकि मुन्नालाल इसके खिलाफ थे।

एसएसपी के अनुसार पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि 25-26 जनवरी की रात गजराज ने कथित रूप से डंडे से हमला कर अपने पिता को अधमरा किया और बाद में कोठरी में लकड़ी, बोरी और रजाई डालकर आग लगा दी, ताकि घटना दुर्घटना प्रतीत हो। इसके बाद उसने स्वयं पुलिस को सूचना देकर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

पुलिस ने साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी गजराज सिंह को निलोई गांव से गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित