इटावा , जुलाई 13 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तोड़ा गांव में एक प्रॉपर्टी डीलर का शव उसके घर में संदेहास्पद परिस्थितियों में मिला है। परिजनों ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार तोड़ा गांव निवासी आनंद राजपूत की रविवार रात अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पैनल से पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि आनंद की पत्नी आशिकी देवी का गांव के ही युवक शिवम से प्रेम संबंध था। मृतक के पिता सुघर सिंह ने बताया कि करीब तीन माह पहले आनंद ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया था, जिसके बाद शिवम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था और वह जेल चला गया था। कुछ दिन पहले ही वह जेल से रिहा होकर वापस लौटा था।
सुघर सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी बहू ने दो-तीन लोगों के साथ मिलकर पहले आनंद को नशीला पदार्थ दिया और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने यह भी दावा किया कि घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कुछ संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए हैं, जिनकी जांच की जानी चाहिए।
मृतक के मित्र अभिषेक ने बताया कि रविवार रात करीब नौ बजे आनंद उनके पास से अपने घर गए थे। रात करीब 12 बजे आशिकी देवी ने आसपास के लोगों को बुलाकर बताया कि आनंद की तबीयत खराब हो गई है। जब लोग घर पहुंचे तो आनंद बेड पर मृत अवस्था में पड़े मिले।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक के बेटे की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। प्रारंभिक सूचना में फांसी लगाकर आत्महत्या की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। आनंद राजपूत प्रॉपर्टी डीलिंग और प्लॉटिंग का कार्य करते थे तथा एक ईंट-भट्ठे में साझेदार के रूप में भी कार्यरत थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित