इटावा, जुलाई 10 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के इकदिल क्षेत्र में पुलिस ने एक सशस्त्र मुठभेड़ के बाद नर्सिंग होम संचालक को लूटने वाले बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली लगने से कुख्यात अपराधी घायल हो गया जिसे उसे मुख्यालय के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधी के पास से एक अवैध तमंचा दो जिंदा और एक मुर्दा कारतूस के साथ लूट से अर्जित किए 20170 रुपए बरामद किए है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने आज यहां बताया कि पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार अपराधी शिवम ने बीते तीन जुलाई को मॉर्निंग वॉक पर निकले जीएलपी नर्सिंग होम के संचालक डॉ. आर.एस.पाल से सोने की चैन की लूट की थी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधी के खिलाफ इटावा मैनपुरी में हत्या समेत सात संगीन आपराधिक मामले दर्ज है।
श्री श्रीवास्तव ने बताया कि तीन जुलाई को डॉक्टर के साथ सोने के चैन की लूट की वारदात को अंजाम देने वाले कुख्यात बदमाश शिवम उर्फ शिवा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि थाना इकदिल पुलिस चितभवन नहर पुल पर वाहन चेकिंग कर रही थी इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक शातिर बदमाश इटावा भरथना मार्ग पर स्थित सेंट जेवियर्स इंटरनेशनल स्कूल के आगे नावली जाने वाले मार्ग के पास खड़ा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बताए गए स्थान की घेराबंदी कर बदमाश को गिरफ्तार करने का प्रयास किया। स्वयं को पुलिस टीम द्वारा घिरता देखकर बदमाश ने खजूर की झाड़ियों में छिपकर पुलिस टीम पर फायरिंग करना शुरू कर दिया जिस पर पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जबाबी कार्यवाही करते हुए फायरिंग करना शुरू किया इस दौरान पुलिस की एक गोली बदमाश शिवम उर्फ शिवा के दाहिने पैर में लगी जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश शिवम उर्फ शिवा के पास से एक तमंचा एक जिंदा एक खोखा एक मिस कारतूस और 20170 रुपए की नगदी बरामद की है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाश कई बार लूट और चोरी के आरोप में जेल जा चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित