इटावा , जुलाई 10 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के चौबिया थाना क्षेत्र के नगला खगी गांव में शुक्रवार सुबह धान की रोपाई के दौरान खेत में करंट फैल जाने से किसान की मौके पर मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार नगला खगी निवासी विपिन कुमार यादव (32) शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे अपने पिता के साथ खेत में धान की रोपाई करने गए थे। खेत में ट्यूबवेल के लिए बिछे बिजली के तार में करंट उतर आया, जिससे पानी में विद्युत प्रवाह फैल गया। रोपाई के दौरान विपिन करंट की चपेट में आ गए और खेत में गिर पड़े।

घटना देख पिता ने बेटे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन खेत में करंट फैला होने के कारण वह उसके पास नहीं पहुंच सके। उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। इसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कराई गई और ग्रामीणों की मदद से विपिन को खेत से बाहर निकालकर निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाया गया।

इटावा मुख्यालय के डॉ भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय की इमरजेंसी में तैनात्य डॉ. सौरभ गुप्ता और ट्रेनी डॉक्टर मौसम विश्वास ने परीक्षण के बाद विपिन को मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित