इटावा , मई 12 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के जसवंतनगर क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक शराबी पिता ने अपने दो मासूम बच्चों को जमीन पर पटक दिया। घटना में पांच माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि तीन वर्षीय पुत्र घायल हो गया।आरोपी घटना के बाद फरार हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने मंगलवार को बताया कि जसवंतनगर थाना क्षेत्र के बिहारीपुरा गांव में सोमवार रात घरेलू विवाद के दौरान नारायण राजपूत नामक व्यक्ति ने शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ मारपीट की और फिर अपने दो बच्चों को जमीन पर पटक दिया। इस दौरान पांच माह की बेटी दिव्यांशी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन वर्षीय पुत्र शिवांश घायल हो गया।
आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। मृत बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतका की मां मोहिनी राजपूत ने आरोप लगाया कि उसके पति का किसी दूसरी महिला से संबंध है और वह उस पर तलाक का दबाव बना रहा था। सोमवार रात करीब दस बजे आरोपी शराब पीकर घर पहुंचा और विवाद करने लगा। विरोध करने पर उसने पहले मारपीट की और फिर मोहिनी की गोद से पांच माह की बेटी को छीनकर छत की दीवार से पटक दिया। इसके बाद उसने तीन वर्षीय बेटे को भी जमीन पर पटक दिया।
मोहिनी के मुताबिक बेटी के सिर और कान से खून बहने लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी तथा उसके परिजन शव को छिपाने की नीयत से लेकर चले गए और मामले को दबाने का प्रयास किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मोहिनी की पहली शादी वर्ष 2020 में सतीश नामक युवक से हुई थी, जिसकी वर्ष 2022 में ट्रेन हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार वालों ने उसकी शादी देवर नारायण से करा दी थी। पहले पति से उसकी एक पुत्री काव्या है, जबकि नारायण से उसे एक पुत्र और मृतक मासूम बेटी थी।
घटना की जानकारी पुलिस को तब हुई जब मोहिनी की मां भूरी देवी मृत बच्ची को लेकर अपने गांव नेवरपुर पहुंचीं। किसी ग्रामीण ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले का खुलासा हुआ।
एसएसपी के निर्देश पर जसवंतनगर प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी पुलिस टीम के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पीड़िता व उसके परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित