इटावा , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ चलाए गए सघन अभियान से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 833 वाहनों का चालान किया, जबकि 60 डंपर समेत अन्य वाहनों को सीज कर लगभग 60 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने गुरुवार को बताया कि अवैध खनन, बिना वैध परमिट परिवहन, ओवरलोडिंग और बिना नंबर प्लेट अथवा कालिख लगी नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान राजस्व विभाग और परिवहन विभाग (आरटीओ) के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीश चंद्र एवं अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभयनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। कोतवाली क्षेत्र में 448 वाहनों का चालान, तीन वाहन सीज कर 5.08 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला गया। बढ़पुरा में 47 वाहनों का चालान, दो डंपर सीज कर 2.16 लाख रुपये वसूले गए।
जसवंतनगर क्षेत्र में 154 वाहनों का चालान और 14 वाहन सीज कर 1.88 लाख रुपये वसूले गए, जबकि बलरई में 64 वाहनों का चालान और दो वाहन सीज कर 2.25 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। पछायगांव में 12 वाहनों का चालान, दो डंपर सीज कर 87,500 रुपये वसूले गए, वहीं बसरेहर में 11 वाहनों का चालान कर 62 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
बैदपुरा में 10 वाहनों का चालान और एक वाहन सीज कर 61 हजार रुपये वसूले गए। बकेवर क्षेत्र में सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 डंपर/ट्रक सीज कर 45 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला गया। चकरनगर में 55 वाहनों का चालान और एक वाहन सीज कर 78 हजार रुपये, सहसों में 17 वाहनों का चालान कर 40,500 रुपये तथा भरेह में आठ वाहनों का चालान कर 14,500 रुपये वसूले गए। बिठौली क्षेत्र में सात वाहनों का चालान कर 20 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बिना वैध प्रपत्र के वाहन संचालन न करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित