इटावा , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के भरथना क्षेत्र से अगवा छात्र की हत्या कर शव रेलवे लाइन पर फेंके जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
18 फरवरी को कोचिंग से लौटने के बाद लापता हुए मनीष यादव का शव गुरुवार देर रात इकदिल क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास एक प्लास्टिक बोरी में बरामद हुआ। पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर अभय नारायण राय ने शुक्रवार को बताया कि रात करीब दस बजे रेलवे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्लास्टिक की बोरी में बंद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। परिजनों ने शव की पहचान मनीष यादव के रूप में की। मनीष भरथना क्षेत्र के बंधा गांव का निवासी था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद शव को बोरी में पैक कर रेलवे ट्रैक पर इस मंशा से फेंका गया ताकि मामला हादसा प्रतीत हो, लेकिन बोरी में शव मिलने से हत्या की बात स्पष्ट हो गई। पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जांच के दायरे में लिया है।
मृतक के पिता राजवीर सिंह ने भरथना पुलिस पर अपहरण के मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई की जाती तो उनके पुत्र की जान बच सकती थी। पोस्टमार्टम केंद्र पर मौजूद मनीष के बड़े भाई ने भी घटना को लेकर आक्रोश व्यक्त किया और भाई की मौत से व्यथित होकर बेहोश हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित