इटावा , जुलाई 22 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित इटावा पब्लिक स्कूल में कक्षा आठ के एक छात्र की दो मंजिला इमारत की छत से गिरने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है, जबकि विद्यालय प्रबंधन का दावा है कि छात्र ने स्वयं छत से छलांग लगाई थी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कक्षा आठ के छात्र पिंटू राठौर (14) के रूप में हुई है। घटना के बाद स्कूल स्टाफ उसे गंभीर अवस्था में डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बताया कि पिंटू मंगलवार सुबह अपनी दोनों बहनों मोनिका (कक्षा नौ) और नेहा (कक्षा सात) के साथ विद्यालय गया था। दोपहर में छुट्टी होने पर दोनों बहनें घर लौट आईं, लेकिन पिंटू नहीं पहुंचा। कुछ देर बाद सूचना मिली कि वह विद्यालय की दूसरी मंजिल से गिर गया है।

मृतक के पिता राजेश राठौर शटरिंग का कार्य करते हैं और विद्यालय के पीछे ही रहते हैं। उन्होने आरोप लगाया कि होमवर्क पूरा न होने के कारण विद्यालय प्रशासन ने उनके बेटे को छुट्टी के बाद रोक लिया था। इसी दौरान वह दूसरी मंजिल से नीचे गिर गया। उन्होंने कहा कि उनके बेटे की मौत स्कूल स्टाफ की लापरवाही का परिणाम है। पिंटू परिवार का इकलौता पुत्र था। परिवार में माता मालती देवी तथा तीन बहनें हैं।

मृतक की मां मालती देवी ने भी आरोप लगाया कि दोनों बेटियों को समय पर घर भेज दिया गया, जबकि पिंटू को विद्यालय में रोक लिया गया था। कुछ समय बाद उसके गिरने की सूचना मिली। वहीं, इटावा पब्लिक स्कूल के प्रबंधक विक्रम सिंह ने परिजनों के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि छात्र ने स्वयं विद्यालय की छत से छलांग लगाई। उन्होंने दावा किया कि घटना का सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है और छात्र पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था।

संयुक्त चिकित्सालय के आपातकालीन विभाग में तैनात डॉ. ओमकांत राजपूत ने बताया कि छात्र को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, लेकिन परीक्षण के दौरान उसे मृत पाया गया।

क्षेत्राधिकारी (नगर) अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि छात्र की मौत दो मंजिला भवन से गिरने के कारण हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। परिजनों, विद्यालय प्रबंधन तथा स्टाफ से पूछताछ की जा रही है। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित