इटावा , जून 29 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के कोतवाली इलाके में स्थित सदर तहसील में पुरानी बिल्डिंग को तोड़ते समय दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई है जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल मजदूर को जिला मुख्यालय के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कर दिया गया है जहां डॉक्टरों की टीम उसका उपचार कर रही है।

इटावा के जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने सोमवार को बताया कि तहसील सदर में पुरानी बिल्डिंग तोड़ने के दौरान हुए हादसे को लेकर के राजस्व अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद राहत संबंधी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

पुरानी बिल्डिंग को गिराने के दौरान हुए हादसे में मलबे में दो मजदूर मौके पर दब गए जब तक कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला जाता इनमें से एक की दर्दनाक मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए हैं।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर के दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला है। दोनों घायलों को डॉ भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया है जबकि दूसरे का गहन उपचार जारी है।

मृतक मजदूर की पहचान 25 साल के साहिल के रूप में हुई है जबकि राजू नाम का मजदूर गंभीर रूप से घायल हो है जिसका डॉक्टरों की टीम उपचार कर रही है।

घटना के बाद जिला अस्पताल में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुरानी बिल्डिंग को गिराए जाने के दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ है। प्रत्यक्षदर्शी शिवप्रसाद ने बताया कि वह लेखपाल से मिलने के लिए आया हुआ था इसी बीच में अचानक जोर-जोर से सीखने और चिल्लाने की आवाज आने लगी जिसको सुनने के बाद वह मौके पर पहुंचा तो देखा कि एक बड़ी बिल्डिंग ध्वस्त हो गई थी इसके आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा थे उन्होंने बताया कि दो मजदूर मलबे के नीचे दब गए है।

इस दर्दनाक हादसे को लेकर के कई तरह की बातें कही जा रही है कुछ लोगों का कहना है कि ठेकेदार पुरानी बिल्डिंग को गिराने का काम करवा रहा था पुरानी बिल्डिंग के गिरने के बाद जब मजदूर मलबे में दब गए तो ठेकेदार मौके से फरार हो गया।

इस दर्दनाक हादसे के बाद शहर के पुलिस अधीक्षक अभय नाथ त्रिपाठी, क्षेत्रीय अधिकारी अविनाश कुमार सिंह सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर समेत बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंचे।

मृतक मजदूर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मजदूर की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित