भोपाल , मई 18 -- रेलवे अधोसंरचना विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए इटारसी-भोपाल-बीना चौथी नई रेल लाइन परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई है। परियोजना से क्षेत्र में रेल यातायात क्षमता बढ़ाने और ट्रेनों के सुगम संचालन में मदद मिलेगी।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार प्रस्तावित चौथी रेल लाइन की कुल लंबाई 237 रूट किलोमीटर होगी, जबकि ट्रैक की कुल लंबाई 264 किलोमीटर निर्धारित की गई है। इस परियोजना के लिए लगभग 4329 करोड़ रुपये की अनुमानित राशि स्वीकृत की गई है।
परियोजना के अंतर्गत नौ सुरंगों, चार महत्वपूर्ण पुलों, 39 बड़े पुलों, 151 छोटे पुलों, 43 रोड ओवर ब्रिज तथा 39 रोड अंडर ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इससे रेल नेटवर्क अधिक आधुनिक, सुरक्षित और सक्षम बनेगा।
बताया गया है कि इटारसी-भोपाल-बीना रेलखंड देश के अत्यंत व्यस्त रेल मार्गों में शामिल है। चौथी रेल लाइन बनने से यात्री और मालगाड़ियों की आवाजाही अधिक सुचारु होगी तथा ट्रेनों की समयबद्धता और परिचालन क्षमता में सुधार आएगा।
वर्तमान में परियोजना का सर्वे कार्य पूर्ण हो चुका है तथा टेंडर और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। परियोजना के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 100 करोड़ रुपये की बजट राशि आवंटित की गई है।
रेल मंत्रालय ने परियोजना को चार वर्ष में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। परियोजना पूरी होने पर मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित