चेन्नई , मार्च 01 -- तमिलनाडु सरकार ने ईरान के ख़िलाफ़ इज़रायल और अमेरिकी हमलों के बाद खाड़ी इलाके में रहने वाले तमिलों की मदद के लिए पूर्णकालिक कंट्रोल रूम बनाए हैं और उनसे अपील की है कि वे गैर-ज़रूरी यात्रा न करें और भारतीय उच्चायोग की तरफ़ से जारी परामर्श का पालन करें।

मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने रविवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि राज्य सरकार खाड़ी इलाके में रहने वाले तमिलों को हर मुमकिन मदद देने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चत करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

ईरान पर अमेरिका और इज़रायल के हवाई हमलों के बाद तमिलों की सुरक्षा पर चिंता ज़ाहिर करते हुए, उन्होंने अनिवासी तमिलों के पुनर्वास और कल्याण आयुक्तालय को प्रभावित देशों में रहने वाले तमिलों को हर तरह की मदद देने का निर्देश दिया है।

श्री स्टालिन ने नयी दिल्ली में तमिलनाडु हाउस में एक कंट्रोल रूम बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि तमिल लोगों और उनके परिवार के सदस्य किसी भी आपात स्थिति और किसी भी मदद के लिए इस कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं, इसके साथ ही उन्होंने खाड़ी देशों में रहने वाले तमिलों से भारतीय दूतावास द्वारा जारी की गई सलाह का पालन करने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित