यरूशलेम , अप्रैल 11 -- इजरायल और लेबनान के बीच पहली सीधी वार्ता 14 अप्रैल को वाशिंगटन में होगी। यह जानकारी इजरायली मीडिया ने शनिवार को दी।

टाइम्स ऑफ इजरायल ने कहा, "इजरायल और लेबनान के बीच अपेक्षित पहली प्रत्यक्ष वार्ता मंगलवार को वाशिंगटन में होगी।"वाशिंगटन में लेबनानी राजदूत नाडा हमादेह, वाशिंगटन में इजरायली राजदूत येचिएल लीटर और बेरूत में अमेरिकी राजदूत मिशेल इस्सा के बीच शुक्रवार को फोन पर बातचीत हुई, जो इजरायली और लेबनानी राजदूतों के बीच पहलीबातचीत थी।

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि इजरायल लेबनान के साथ जल्द से जल्द सीधी बातचीत करेगा।

इसी से संबंधित एक घटनाक्रम में, ईरानी संसद अध्यक्ष बाक़ेर ग़ालिबफ़ के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को अमेरिका के साथ होने वाली शांति वार्ता से पहले शुक्रवार रात को इस्लामाबाद पहुंचा। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल पहले ही इस्लामाबाद पहुंच चुका है।

इस्लामाबाद पहुंचने के बाद श्री ग़ालिबफ़ ने कहा कि ईरान को अमेरिका पर बिल्कुल भी भरोसा नहीं है हालांकि बातचीत के प्रति सद्भावना है। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका वास्तविक समझौता करे और ईरान को उसके अधिकार दे तो ईरान समझौता करने के लिए तैयार है।

ईरान ने पहले कहा था कि अमेरिका के साथ बातचीत की शर्तों में लेबनान में युद्धविराम भी शामिल है। हालांकि अमेरिका और इजरायल ने लेबनान को युद्धविराम की शर्तों में शामिल करने से इनकार किया है।

ईरानी प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ राजनीतिक, सैन्य और आर्थिक अधिकारी, रक्षा परिषद के सचिव और ईरानी संसद के कई सदस्य शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित