यरुशलम , अक्टूबर 15 -- इजरायल में 27 अक्टूबर को होने वाले 2026 कनेसेट चुनाव के लिए विदेशों में स्थित इजरायली राजनयिक मिशनों में बुधवार रात से मतदान शुरू हो गया। इसके साथ ही चुनाव के लिए पहला मत डाला गया।

इजरायल के विदेश मंत्रालय और केंद्रीय चुनाव समिति के संयुक्त बयान के अनुसार, राजनयिक कर्मचारियों, सैन्य अताशे और उनके परिवारों के लिए करीब 30 घंटे तक मतदान होगा। दुनिया भर में 99 राजनयिक मिशनों में 101 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 4,800 पात्र मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। विदेशों में सबसे बड़ा मतदान केंद्र न्यूयॉर्क स्थित इजरायली वाणिज्य दूतावास में है, जहां 700 से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं।

इजरायल में विदेशों में मतदान का अधिकार केवल राजनयिक कर्मचारियों और उनके परिवारों तक सीमित है। चुनाव संगठनों के अनुसार, 50 हजार से अधिक इजरायली नागरिक मतदान के लिए स्वदेश लौट सकते हैं।

सबसे पहले न्यूजीलैंड की राजधानी वेलिंगटन स्थित इजरायली दूतावास में स्थानीय समयानुसार गुरुवार सुबह नौ बजे मतदान शुरू हुआ। इसके एक घंटे बाद फिजी स्थित इजरायल के नवनिर्मित दूतावास में भी मतदान शुरू हो गया। सैन फ्रांसिस्को और लॉस एंजिलिस स्थित इजरायली वाणिज्य दूतावासों में सबसे अंत में मतदान समाप्त होगा। यहां स्थानीय समयानुसार रात आठ बजे मतदान बंद होगा।

मतपत्रों को विमान से इजरायल लाकर केसेट में मतगणना के लिए भेजा जाएगा। विदेश मंत्रालय की चुनाव संचालन टीम की प्रमुख अवीवा राज शेख्टर ने कहा कि विदेशों में इजरायली राजनयिक मिशनों में चुनाव कराने की तैयारी कई महीने पहले शुरू हुई थी और अब यह प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है।

केंद्रीय चुनाव समिति के कार्यवाहक महानिदेशक डीन लिव्ने ने चुनाव के दिन को इजरायली लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि समिति ने निष्पक्ष और सुरक्षित मतदान सुनिश्चित करने के लिए निगरानी, ऑडिट और नियंत्रण की आधुनिक व्यवस्थाएं तैयार की हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित