येरुसलेम , मार्च 22 -- इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज का कहना है कि उन्होंने और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इजरायली समुदायों के खतरों को खत्म करने के लिए सैन्य बलों को जंग के मुहाने पर बसे लेबनान के सीमावर्ती गांवों के मकानों को ढहाने के काम में तेजी लाने का आदेश दिया है।

रक्षा मंत्री के कार्यालय से जारी बयान के अनुसार, सेना को लेबनान की लितानी नदी पर बने उन सभी पुलों को तुरंत नष्ट करने का निर्देश भी दिया गया है। उनके अनुसार, इनका उपयोग 'आतंकवादी गतिविधियों' के लिये किया जा रहा था।

इज़राइली सेना ने चेतावनी जारी की है कि उसका इरादा दक्षिण लेबनान के प्रमुख तटीय पुल पर हमला करने का है। यह एक ऐसा कदम है, जो देश के दक्षिणी हिस्से को बाकी हिस्सों से और अधिक अलग-थलग कर सकता है।

बयान में कहा गया है कि सेना की योजना लड़ाकों और हथियारों की आवाजाही को रोकने के लिए कास्मियेह पुल को निशाना बनाने की है, साथ ही नागरिकों को जहरानी नदी के उत्तर में जाने का आदेश दिया गया है।

यह पुल तटीय राजमार्ग का प्रमुख मार्ग है और इसके नष्ट होने से दक्षिण लेबनान के कुछ हिस्से प्रभावी रूप से देश के बाकी हिस्सों से कट जायेंगे। खबरों के अनुसार, इजरायल पिछले हमले में पहले ही इस पुल को नुकसान पहुंचा चुका है।

मानवाधिकार समूहों ने पहले ही चेतावनी दी है कि बड़े पैमाने पर निकासी के आदेश और मुख्य परिवहन मार्गों पर हमलों से नागरिकों की जान को खतरा है और यह सामूहिक दंड के समान हो सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित