तेल अवीव/बगदाद , मई 10 -- इजरायल ने ईरान के खिलाफ अपने हवाई युद्ध में सहायता के लिए इराक के पश्चिमी रेगिस्तान के भीतर एक गुप्त सैन्य चौकी बना रखी है।

'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' ने अमेरिकी अधिकारियों और इस अभियान से परिचित स्रोतों के हवाले से इस विषय में जनकारी दी। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस गुप्त ठिकाने का निर्माण 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल द्वारा शुरू किए गए समन्वित हमलों से कुछ समय पहले किया गया था।

यह बेस कथित तौर पर अमेरिका की जानकारी में संचालित हो रहा था और इजरायली वायु सेना के लिए एक रसद और परिचालन केंद्र के रूप में कार्य कर रहा था। बताया गया है कि वहां इजरायली विशेष बल और खोज-एवं-बचाव इकाइयां तैनात थीं ताकि संकट में फंसे पायलटों की सहायता की जा सके और शत्रु क्षेत्र के भीतर गुप्त मिशनों को अंजाम दिया जा सके।

रिपोर्ट के मुताबिक, इस गुप्त बेस का पता मार्च की शुरुआत में उस समय चलने ही वाला था जब एक स्थानीय चरवाहे ने दूरदराज के रेगिस्तानी इलाके में हेलीकॉप्टरों की आवाजाही और गोलीबारी सहित असामान्य सैन्य गतिविधि देखी। इसके बाद जांच के लिए इराकी सैनिकों को भेजा गया, लेकिन इजरायली सेना ने इराकी इकाइयों के वहां पहुंचने से पहले ही उन पर हवाई हमले कर दिए, जिससे यह अभियान उजागर होने से बच गया। इराकी अधिकारियों के अनुसार, इन हमलों में एक सैनिक की मौत हो गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित