दमिश्क , सितंबर 01 -- सीरिया के विदेश मंत्री असद अल-शैबानी ने यमंगलवार को कहा कि सीरियाई सरज़मीन पर इजरायली हमलों के बावजूद सरकार अमेरिका की मध्यस्थता में इजरायल के साथ कूटनीतिक समाधान के लिए प्रयास कर रही है।

श्री शैबानी ने यहां डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोक रासमुसेन के साथ एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "ये हमले अब भी जारी हैं। हमने सिर्फ जुलाई में 65 हमले देखे हैं। साथ ही अगस्त के शुरुआती 18 दिनों में 52 हमले दर्ज किये। इन चुनौतियों के बावजूद हम कूटनीतिक समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं और इसी दिशा में गंभीरता से काम कर रहे हैं।"उल्लेखनीय है कि इजरायल और सीरिया के बीच कई दौर की प्रत्यक्ष वार्ता हो चुकी है। दोनों देशों की सबसे हालिया बैठक जॉर्डन में हुई, जिसमें श्री शैबानी और मोसाद प्रमुख रोमन गौफमैन ने हिस्सा लिया। सीरिया के सरकारी मीडिया के अनुसार, अमेरिका ने इस बैठक के लिए प्रयास किये थे।

श्री शैबानी ने कहा कि इजरायली अधिकारियों का यह कहना कि वह सीरिया के जबल अल-शैख में अपनी सेना तैनात रखेंगे, कब्ज़े को बरकरार रखने का खुला ऐलान है। ऐसे बयान इजरायल के सुरक्षा के कमज़ोर बहानों की पोल खोलते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित