यरूशलम , अप्रैल 06 -- इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने घोषणा की है कि बीती रात एक सैन्य अभियान में रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) के खुफिया प्रभाग के प्रमुख माजिद खादेमी मारे गये हैं। ईरान ने अब तक इस बारे में कोई बयान जारी नहीं किया है।
इजरायली दावे के मुताबिक, श्री खादेमी ईरानी शासन के सबसे वरिष्ठ अधिकारियों में से एक थे। इसके साथ ही, इजरायल ने कुद्स फोर्स की यूनिट 840 के कमांडर असगर बाकरी को भी ढेर करने का दावा किया है।
श्री नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पर लिखा है, "आज रात हमने रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स के खुफिया प्रभाग के प्रमुख माजिद खादेमी को खत्म कर दिया। वह ईरानी शासन के वरिष्ठ अधिकारियों में से एक था, जिसने अपने पूर्ववर्ती के खात्मे के बाद हाल ही में यह जिम्मेदारी संभाली थी।"उन्होंने यह भी जोड़ा कि श्री बाकरी को भी मार दिया गया है जो दुनिया भर में यहूदियों और इजरायलियों के खिलाफ हमलों के लिए जिम्मेदार था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित