वॉशिंगटन , जुलाई 21 -- लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन मंगलवार को ह्वाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे।

इस दौरान वे ईरान समर्थित हिजबुल्लाह गुट के हथियार समर्पण कराने की एक योजना उन्हें सौंपेंगे और दक्षिण लेबनान से इजरायली सैनिकों को वापस बुलाने के लिए इजरायल पर अमेरिकी दबाव बनाने की मांग करेंगे।

यह लगभग 20 वर्षों में किसी लेबनानी राष्ट्राध्यक्ष की ह्वाइट हाउस की पहली यात्रा है। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब लेबनान दक्षिण के कुछ हिस्सों में इजरायली सेना की लगातार मौजूदगी, नागरिकों के लंबे समय से जारी विस्थापन और हिजबुल्लाह के भविष्य को लेकर राजनीतिक मतभेदों का सामना कर रहा है। बैठक से एक दिन पहले, अमेरिका ने कहा कि त्रिपक्षीय ढांचे के तहत और लेबनान के लिए सैन्य समन्वय समूह की देखरेख में लेबनानी गांवों फ्रौन, सरीफा और जवतार अल-गार्बिया में प्रायोगिक क्षेत्र अभियान शुरू हो गया है।

अमेरिका ने कहा कि यह कदम इटली की राजधानी रोम में इजरायल-लेबनान के बीच हुई चर्चा के बाद उठाया गया है और अमेरिका इस ढांचे को लागू करने के लिए दोनों पक्षों के साथ काम करना जारी रखेगा। पूर्व सेना कमांडर और पिछले वर्ष राष्ट्रपति चुने गये श्री औन संभवतः श्री ट्रंप के समक्ष हिजबुल्लाह के हथियारों को सरकार के नियंत्रण में लाने के कदमों की रूपरेखा भी पेश करेंगे।

ह्वाइट हाउस की यह बैठक जून के प्रारूप समझौते को लागू करने पर रोम में लेबनानी और इजरायली अधिकारियों के बीच अमेरिका की मध्यस्थता में हुई बातचीत के बाद हो रही है। इजरायल ने कहा है कि जब तक हिजबुल्लाह हथियार नहीं डालता तब तक वह अपनी सेना वापस नहीं बुलायेगा। उधर हिजबुल्लाह ने इजरायल से सीधी बातचीत और अपने हथियार जमा करने के प्रयासों को खारिज कर दिया है।

इस महीने की शुरुआत में लेबनान के मंत्रिमंडल के एक सत्र में हिजबुल्लाह के हथियार समर्पण कराने की सेना की योजना की समीक्षा की गयी, जिसमें देशभर में हथियारों पर राज्य का नियंत्रण बढ़ाने के उपाय शामिल हैं। लेबनान के एक अधिकारी ने कहा कि श्री औन का मानना है कि श्री ट्रंप के पास इजरायल पर पीछे हटने का दबाव बनाने और लेबनान को उसकी संप्रभुता बहाल करने में मदद करने के लिए पर्याप्त प्रभाव है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित