नयी दिल्ली , मई 13 -- ऑनलाइन ट्रैवल समाधान प्लेटफॉर्म इक्सिगो ने बुधवार को अपने एआई आधारित ऐप तारा का नया संस्करण जारी किया जो यात्रा की प्लानिंग से लेकर यात्रा के अंत तक के लिए विभिन्न प्रकार के समाधान पेश करेगा।

इक्सिगो के सह-संस्थापक रजनीश कुमार ने बताया कि तारा ऐप में एजेंटिक आई को जोड़ा गया है, लेकिन ऐप कै सभी पुराने फीचर और बटन पहले की तरह रखे गये हैं। यूजर संवाद आधारित बुकिंग कर सकते हैं। इससे यात्रा की योजना बनाना और बुकिंग करना अधिक आसान, स्मार्ट और व्यक्तिगत बन गया है। यूजर की पिछली बुकिंग और उसकी आदतों के आधार पर तारा अब उन्हें यात्रा की प्लानिंग के लिए सलाह भी देती है।

उन्होंने बताया कि जब तक यूजर बुकिंग नहीं करा लेता उसे फ्लाइट के किराये में गिरावट के नोटिफिकेशन मिलते हैं। बुकिंग के बाद यह ऐप चेक इन खुलते ही खुद ही चेक-इन कर देता है। यह बोर्डिंग पास जेनरेट करके यूजर के मोबाइल में सुरक्षित कर देता है। होटल में चेक-इन से एक दिन पहले वहां वॉयस कॉल करके बुकिंग कंफर्म करता है और यूजर की सहमति लेकर डिजियात्रा के लिए डिटेल भी अपडेट कर देता है।

इक्सिगो के सह-संस्थापक आलोक बाजपेयी ने कहा कि तारा को एक एआई-नेटिव ट्रैवल साथी के रूप में विकसित किया गया है, जो यात्रा योजना को अधिक सहज और व्यक्तिगत बनाती है। यूज़र्स तारा से अंग्रेजी, हिंदी और हिंग्लिश में वॉयस, टेक्स्ट या टैप के माध्यम से बात कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित