, Jan. 27 -- कीटो (इक्वाडोर), 27 जनवरी (वार्ता/ शिन्हुआ) इक्वाडोर के मनाबी प्रांत के तटीय शहरों मांटा और मोंटेक्रिस्टी में रविवार रात हुए चार हथियारबंद हमलों में कम से कम आठ लोग मारे गये। स्थानीय मीडिया ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस जांच के हवाले से मिली रिपोर्ट के मुताबिक, गोलीबारी की घटनाएं स्थानीय समय के अनुसार शाम 7:50 बजे से रात 10:50 बजे के बीच कई इलाकों में हुईं।
पहला हमला मोंटेक्रिस्टी के लॉस आर्टेसानोस इलाके में हुआ, जहां सड़क पर चलते समय एक दम्पति को गोली मार दी गयी। कुछ मिनट बाद मांटा के 12डी ऑक्टुब्रे इलाके में एक आदमी को बाहर बैठे हुए गोली मार दी गयी। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और 9-मिलीमीटर मैगज़ीन ज़ब्त की है।तीसरी घटना मांटा के बेलाविस्टा में हुई, जब एक हमलावर एक घर में घुस गया और परिवार के एक जश्न के दौरान एक आदमी को गोली मार दी। पड़ोसियों ने हमलावर को पकड़ लिया, जो घायल हो गया था। सबसे घातक हमला रात 10:50 बजे मोंटेक्रिस्टी के लियोनिडास प्रोआनो पैरिश में हुआ, जहां बंदूकधारियों ने दो गाड़ियों से लोगों के एक समूह पर गोलियां चलायीं। यहां चार लोग मारे गये और पांच अन्य घायल हो गये।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इन घटनाओं के साथ मांटा जिले में जनवरी 2026 में 51 हिंसक मौतें दर्ज की गयी हैं। यह जिला बंदरगाह और पर्यटन के लिये प्रमुख रूप से जाना जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित