पटना , अप्रैल 15 -- बिहार में बहार भले हो, लेकिन मुख्यमंत्री की कुर्सी पर अब नीतीश कुमार नही हैं और ऐसा पिछले इक्कीस वर्षों में पहली बार हुआ है कि प्रदेश में सता की चाबी श्री कुमार के हाथों से फिसल कर किसी और के पास चली गई है। 24 नवंबर 2005 को शुरू हुआ मुख्यमंत्री श्री कुमार का कारवां 14 अप्रैल 2026 को थम गया है। 2013-14 में नौ महीने की जीतनराम मांझी की सरकार छोड़ दें तो पिछले दो दशकों से बिहार में मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नीतीश कुमार ही विराजमान रहे। सबसे बड़ी बात है कि श्री कुमार की विदाई किसी हारे हुए योद्धा की तरह नही हो रही हैं। महज पांच महीने पहले 243 के सदन में 202 सीटों के प्रचंड बहुमत के साथ मुख्यमंत्री की कुर्सी पर लौटने वाले श्री कुमार ने अपने उत्तराधिकारी के लिए स्वतः कुर्सी खाली करने का फैसला लिया। वह राजनीतिक जीवन और कार्यप्रणाली का एक ऐसा बेंच मार्क अपने पीछे छोड़ कर जा रहे हैं, जो भविष्य में उनके उतराधिकारियों की समीक्षा के लिए मानक बन जायेगा।
बहुत कम लोगों को मालूम है कि 1977 और 1980 के विधानसभा चुनाव हारने के बाद नीतीश कुमार की माली हालत कुछ ठीक नही थी। 1985 के विधानसभा चुनाव में हरनौत सीट पर भाग्य आजमाने से पहले उन्होंने अपनी पत्नी से कहा था कि यह आखिरी प्रयास है और इस बार हारे तो चुनावी राजनीति से संन्यास ले लेंगे। हरनौत के लोंगों ने इस बार उन्हें निराश नही किया और बिहार की राजनीतिक तिजोरी से एक हीरा गुम होने से बच गया।
नीतीश कुमार का जन्म 1 मार्च, 1951 को बिहार में नालंदा जिले के कल्याण बीघा गांव में हुआ था। उनकी मां परमेश्वरी देवी हाउस वाइफ थीं। जबकि पिता कविराज रामलखन सिंह फ्रीडम फाइटर थे। घर में उन्हें 'मुन्ना' के नाम से जाना जाता था।
श्री कुमार ने बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (अब एनआईटी पटना) से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की और कुछ समय तक बिहार स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड में काम भी किया। हालांकि, बाद में नौकरी छोड़कर पूरी तरह राजनीति में सक्रिय हो गए।
श्री कुमार की शादी 1973 में मंजू सिन्हा से हुई थी, जो पटना के एक स्कूल में शिक्षक थीं। दुर्भाग्य से श्रीमती सिन्हा की मृत्यु 2007 में हो गई। श्री कुमार के एक मात्र पुत्र निशांत अपने पिता की तरह ही इंजीनियर हैं और उन्होंने बीआईटी मेसरा से पढ़ाई की है। हाल ही में जदयू कार्यकर्ताओं के दबाव के बाद नीतीश कुमार ने पुत्र निशांत को जदयू में शामिल होने की इजाजत दी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित