सहारनपुर , नवंबर 04 -- वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन कायम होने के बावजूद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मुस्लिम नेतृत्व और मतदाताओं के बीच प्रभाव बढ़ाने की राजनीतिक कोशिशें तेज होती दिखाई दे रही हैं।

कांग्रेस ने सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है, वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव कैराना की सांसद इकरा हसन को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी के प्रमुख चेहरे के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं। इससे दोनों दलों के बीच क्षेत्रीय नेतृत्व को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

दोनों दलों के बीच आगामी विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर भी मतभेद की खबरें हैं। कांग्रेस अधिक सीटों पर अपना दावा जता रही है, जबकि सपा सीटों के बंटवारे में अपने संगठनात्मक आधार को प्राथमिकता देना चाहती है। एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्षी गठबंधन की रैली में अखिलेश यादव ने इकरा हसन को शीर्ष नेताओं के साथ मंच पर अगली पंक्ति में स्थान देकर उन्हें राजनीतिक महत्व देने के अपने रुख का संकेत दिया।

कैराना लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाली इकरा हसन का पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राजनीतिक और पारिवारिक आधार है। उनके भाई नाहिद हसन कैराना से विधायक हैं और उनकी मां तबस्सुम हसन भी लोकसभा सदस्य रह चुकी हैं। उनके पिता दिवंगत मुनव्वर हसन लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद के सदस्य रहे थे। उनके दादा अख्तर हसन वर्ष 1980 में कैराना संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे।

कैराना संसदीय क्षेत्र के गंगोह और नकुड़ विधानसभा क्षेत्र सहारनपुर जिले में आते हैं। सहारनपुर मंडल में गुर्जर, जाट और मुस्लिम समुदायों का भी राजनीतिक प्रभाव माना जाता है। ऐसे में इकरा हसन की सक्रियता को सपा की पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

दूसरी ओर, इमरान मसूद का भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राजनीतिक और पारिवारिक आधार रहा है। उनके दिवंगत चाचा काजी रशीद मसूद केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे और कई बार लोकसभा तथा राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। सहारनपुर के पूर्व बसपा सांसद हाजी फजलुर्रहमान कुरैशी भी पिछले लोकसभा चुनाव से अखिलेश यादव के साथ हैं और इकरा हसन के साथ उनके बेहतर राजनीतिक संबंध बताए जाते हैं।

सैफी संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद असलम सैफी का कहना है कि मुस्लिम नेतृत्व अपनी जगह है, लेकिन वर्तमान में मुस्लिम समाज में अखिलेश यादव की लोकप्रियता सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा और इंडिया गठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।

उधर, भाजपा के सहारनपुर नगर विधायक राजीव गुंबर ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित