छिंदवाड़ा , अगस्त 30 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में अवैध हथियारों की तस्करी और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत देहात थाना पुलिस ने दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक छर्रे वाली पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। हथियारों के परिवहन में इस्तेमाल सफेद रंग की कार भी पुलिस ने जब्त की है।

पुलिस के अनुसार 29 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पोआमा पानी टंकी के पास एक सफेद कार में दो युवक हथियार और कारतूस लेकर बैठे हैं तथा किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना पर देहात थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि करीब एक वर्ष पहले उन्होंने इंस्टाग्राम पर हथियारों से संबंधित एक रील देखी थी। इसके बाद सोशल मीडिया के माध्यम से उत्तर प्रदेश के एक व्यापारी से संपर्क हुआ। दोनों ने उक्त व्यापारी से करीब 55 हजार रुपये में पिस्टल और कारतूस खरीदे थे। पुलिस अब हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यापारी की पहचान और उसके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस ने आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर हथियार सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देने के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास पिता तिमाजी मर्सकोले, उम्र 25 वर्ष, निवासी कुकड़ीखापा, थाना मोहखेड़, हाल गुलाबरा गली नंबर-15, थाना कोतवाली तथा मिथुन पिता रामाजी उइके, उम्र 31 वर्ष, निवासी उसरिया, थाना देहात के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व से देहात, कुण्डीपुरा, मोहखेड़ और कोतवाली थाना क्षेत्रों में अपराध दर्ज हैं। मामले में अपराध क्रमांक 500/26 के तहत बीएनएस की धारा 3(5) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को परासिया नाके से जुलूस के रूप में निकाला। इस दौरान दोनों कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए। कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है।

देहात थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए उनके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई प्रस्तावित की जा रही है। पुलिस अब अवैध हथियारों की सप्लाई के पीछे सक्रिय नेटवर्क और उत्तर प्रदेश के व्यापारी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित